(Go: >> BACK << -|- >> HOME <<)

  • Hindi News
  • National
  • Rajasthan UP IMD Heatwave Alert; Pune Porsche Car Accident | Arvind Kejriwal Swati Maliwal
न्यूज इन ब्रीफ@5 PM:ठाणे में फैक्ट्री में ब्लास्ट, 4 मौत, 50 घायल; मालीवाल बोलीं- मेरे कैरेक्टर पर सवाल उठे, कहा गया- इसके कपड़े नहीं फटे
1 महीने पहलेलेखक: अभिषेक तिवारी, न्यूज ब्रीफ एडिटर
  • कॉपी लिंक

नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…

1. मारपीट केस के बाद मालीवाल का पहला इंटरव्यू, बोलीं- मेरे कैरेक्टर पर बार-बार सवाल उठाए जा रहे
AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अपने साथ हुई मारपीट के बाद पहली बार इंटरव्यू दिया। उन्होंने कहा- मैंने FIR में जो शिकायत की है। वह सब सच हैं। चाहें तो मेरा पॉलीग्राफ टेस्ट करवा सकते हैं। आप पार्टी की तरफ से बार-बार मेरे कैरेक्टर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा दुख की बात है कि दिल्ली सरकार में महिला मंत्री ने कहा कि मेरे कपड़े फटे नहीं थे। मालीवाल ने केजरीवाल के PA बिभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में 16 मई को FIR दर्ज कर बिभव कुमार को अरेस्ट कर लिया था।
पढ़ें पूरी खबर...

2. महाराष्ट्र की केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से आग लगी: 4 मौत, 50 से ज्यादा घायल
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में एक केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से आग लग गई। हादसे में 4 की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। आग बुझाने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौजूद हैं। धमाका इतना तेज था कि लगभग तीन किलोमीटर तक सुनाई दिया। आसपास की इमारतों के कांच के शीशों में दरारें आ गईं। वहीं, विस्फोट की वजह से आसपास के कई घर क्षतिग्रस्त हो गए।
पढ़ें पूरी खबर...

3. राजस्थान में 48° टेम्परेचर, गर्मी से एक की मौत; केरल में बारिश से 4 की जान गई
मौसम विभाग ने राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चार दिन के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में आने वाले दिनों में तापमान 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। यहां गर्मी से एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं, केरल में भारी बारिश के चलते 4 की जान चली गई। मौसम विभाग ने 9 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट (24 घंटे में 11 से 20 सेमी बारिश) जारी किया है। कोझिकोड इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स की लैंडिंग-टेक ऑफ देर से हुई।
पढ़ें पूरी खबर...

4. किर्गिस्तान में भारतीयों पर हमले, स्टूडेंट बोली- हमें बचाओ: दावा- लड़कियों से रेप हो रहे
किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 13 मई को मिस्र और अरबों के बीच लड़ाई के बाद हिंसा भड़क उठी है। किर्गिज लोग भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के छात्रों को निशाना बना रहे हैं। बिश्केक में रहने वाली सूरत की स्टूडेंट रिया लाठिया ने बताया, सड़क पर जहां भी दूसरे देशों के छात्र दिख रहे हैं, भीड़ उन्हें पीट रही है। छात्र लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े हैं। दो से तीन लड़कियों के साथ रेप हुआ है। किर्गिस्तान में करीब 17000 भारतीय छात्र हैं।
पढ़ें पूरी खबर...

5. सेंसेक्स ने 75,407 और निफ्टी ने 22,959 का ऑल टाइम हाई लेवल छुआ, बैंक और ऑटो शेयर चढ़े
शेयर मार्केट आज ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। सेंसेक्स ने 75,407 का हाई बनाया है। इससे पहले सेंसेक्स 9 अप्रैल को 75,124 पर पहुंचा था। वहीं निफ्टी ने 22,959 का लेवल छुआ। इससे पहले निफ्टी का हाई 22,794 था। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी बैंकिंग और ऑटो शेयरों में रही। निफ्टी के बैंक और ऑटो इंडेक्स में करीब 2% की तेजी रही। आईटी और रियल्टी इंडेक्स 1% से ज्यादा चढ़े।
पढ़ें पूरी खबर...

6. हरियाणा में PM मोदी बोले- कांग्रेस राम को हटाना चाहती है, आरक्षण छीन मुसलमानों को देगी
हरियाणा में PM मोदी ने कहा- कांग्रेस पूरे देश से राम के नाम को हटाना चाहती है। दलित, पिछड़ों और ओबीसी का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देना चाहती है, लेकिन जब तक मोदी है तब तक ऐसा नहीं होने दूंगा। हरियाणा के बाद प्रधानमंत्री पंजाब के लिए रवाना हो गए। इस लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए मोदी पहली बार पंजाब पहुंचे। 25 मई को छठे चरण में हरियाणा की 10 सीटों पर वोटिंग की जाएगी।
पढ़ें पूरी खबर...

7. CM सिद्धारमैया का PM मोदी को दूसरा लेटर, प्रज्वल का पासपोर्ट रद्द करने की मांग की
कर्नाटक CM सिद्धारमैया ने PM मोदी को दूसरी बार लेटर लिखा है। सिद्धारमैया ने महिलाओं से यौन शोषण के आरोपी प्रज्वल रेवन्ना का राजनयिक पासपोर्ट तुरंत रद्द करने की मांग की है। इससे पहले 1 मई को भी कर्नाटक CM ने मोदी को प्रज्वल का पासपोर्ट रद्द करने और उसे भारत लाने में मदद करने के लिए लेटर लिखा था। प्रज्वल फिलहाल जर्मनी में है। पिता एचडी रेवन्ना को इस केस में जमानत मिल चुकी है।
पढ़ें पूरी खबर...

8. इलाहाबाद HC की टिप्पणी- जज बने रहने लायक नहीं बांदा CJM, बिजली अफसरों पर फर्जी केस किया था
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बांदा के CJM भगवान दास गुप्ता पर तीखी टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा- जज ने निजी हित के लिए पद का गलत इस्तेमाल किया। बिल भेजने पर बिजली विभाग के अफसरों पर फर्जी केस कराया। वह जज बने रहने लायक नहीं हैं। मामला 2009 का है। CJM ने 2009 में लखनऊ में मकान खरीदा था। इस पर 1 लाख 66 हजार 916 रुपए का बिजली बिल बकाया था। जिसको लेकर CJM ने केस कर दिया था।
पढ़ें पूरी खबर...

9. रिकी पोंटिंग बोले- BCCI से हेड कोच का ऑफर मिला, लेकिन मैं परिवार को वक्त देना चाहता हूं
दिल्ली कैपिटल्स के कोच रिकी पोंटिंग ने खुलासा किया है कि BCCI ने उनसे टीम इंडिया के हेड कोच के लिए संपर्क किया था, पर वह अभी इसके लिए तैयार नहीं हैं। हालांकि उनका बेटा चाहता है कि वह इस जिम्मेदारी को लें। टीम इंडिया के मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो रहा है। नए हेड कोच का कार्यकाल जुलाई 2024 से दिसंबर 2027 तक साढ़े तीन साल की अवधि के लिए तीनों फॉर्मेट के लिए होगा।
पढ़ें पूरी खबर...

10. शाहरुख खान आज हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो सकते हैं, डिहाइड्रेशन के चलते एडमिट हुए थे
21 मई को अहमदाबाद में KKR vs SRH मैच देखने गए एक्टर शाहरुख खान की तबीयत बिगड़ गई थी। लू लगने के कारण शाहरुख को केडी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। शाहरुख को देखने जूही चावला भी अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल से निकलकर उन्होंने शाहरुख का हेल्थ अपडेट दिया। रिपोर्ट्स की मानें तो शाहरुख आज शाम को डिस्चार्ज होकर मुंबई के लिए रवाना हो सकते हैं।
पढ़ें पूरी खबर...

.